अबतक इंडिया न्यूज 21 सितंबर देशनोक । बीकानेर जिले के देशनोक नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की सरिता मुंधड़ा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। रिटर्निंग अधिकारी कसाना ने चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा करते हुए सरिता मुंधड़ा को विजयी घोषित किया।
वार्ड 24 का गणित अध्यक्ष चुनाव में भी दोहराया
अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में कुल पड़े वोटों में से कांग्रेस प्रत्याशी गैर पार्षद सरिता मुंधड़ा को 17 मत मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चंदा देवी को महज 8 मतों से ही संतोष करना पड़ा। इस तरह सरिता मुंधड़ा ने 9 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। दिलचस्प बात यह रही कि इससे पहले हुए पार्षद चुनाव में भी वार्ड नंबर 24 से सरिता मुंधड़ा भाजपा की चंदा देवी से ठीक 9 वोटों के अंतर से ही चुनाव हारी थी । अध्यक्ष चुनाव में भी वही राजनीतिक समीकरण और वोटों का गणित देखने को मिला।
प्रशासनिक आदेशों की उड़ीं धज्जियां
एक तरफ जहां कांग्रेस खेमे में जीत को लेकर उत्साह का माहौल रहा, वहीं दूसरी ओर पालिका परिसर के सामने प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम अवहेलना देखने को मिली। प्रशासन द्वारा जुलूस और भीड़ जुटाने पर लगाई गई रोक के बावजूद जीत के तुरंत बाद भव्य विजयी जुलूस निकाला गया।
इस दौरान पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया और प्रशासनिक निर्देशों की धज्जियां उड़ाईं। रोक के बावजूद निकले इस जुलूस को लेकर स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
देशनोक पालिका की तीसरी व कांग्रेस की पहली महिला अध्यक्ष
देशनोक नगरपालिका की पहली महिला चेयरमैन 1995 में भाजपा की सुशीला देवी सुथार बनी थी। 2010 में फिर भाजपा की दुर्गा देवी चारण दूसरी महिला चेयरमैन बनी। 15 साल फिर एक बार देशनोक नगरपालिका मे सरिता मुंधड़ा के रूप तीसरी महिला चेयरमैन बनी हैं।











