अबतक इंडिया न्यूज 18 जुलाई जोधपुर। पंजाब के जालंधर में आयोजित देशभर के 75 अमृत भारत स्टेशनों के लोकार्पण समारोह के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन का आकर्षक चित्र स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किया।
यह स्मृति-चित्र स्वर्णनगरी जैसलमेर की समृद्ध विरासत,स्टेशन की नई वास्तुकला तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुए व्यापक कायाकल्प का प्रतीक रहा और कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बना।
जैसलमेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक यात्री सुविधाओं,बेहतर स्टेशन अवसंरचना और स्थानीय स्थापत्य शैली को संरक्षित रखते हुए किया गया है। स्टेशन के नए स्वरूप में राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान और जैसलमेर की पारंपरिक स्थापत्य कला की झलक दिखाई देती है,जिससे यह स्टेशन यात्रियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गया है।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा प्रधानमंत्री को जैसलमेर अमृत भारत स्टेशन की तस्वीर स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किया जाना उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह पुनर्विकसित स्टेशन की विशिष्ट पहचान,उत्कृष्ट विकास कार्यों तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता का प्रतीक है।
त्रिपाठी ने इस सम्मान के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि रेलवे परिवार के लिए प्रेरणादायी है तथा यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को और अधिक प्रोत्साहित करेगी।












