अबतक इंडिया न्यूज 6 जुलाई । मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में अचानक मौसम बदल सकता है. कहीं तेज मेघगर्जन, बिजली चमकने, धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है.
मौसम विभाग ने नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर, जयपुर, अजमेर और टोंक जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन, बिजली गिरने की आशंका, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है.विभाग का कहना है कि इन जिलों में मौसम अचानक खराब हो सकता है, इसलिए खुले स्थानों पर जाने से बचें और मौसम की गतिविधियों पर नजर बनाए रखें.
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) July 6, 2026
वहीं झुंझुनूं और चूरू जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम स्तर की मेघगर्जना, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हालांकि इन जिलों में खतरा ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों की तुलना में कम माना गया है, फिर भी मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.मौसम विभाग के अनुसार ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण पेड़, बिजली के खंभे, कच्चे और कमजोर निर्माण, अस्थायी शेड तथा होर्डिंग्स प्रभावित हो सकते हैं. तेज हवा और बिजली गिरने की घटनाओं से जनजीवन पर असर पड़ सकता है.












