Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » 12वीं बोर्ड के दो विषयों के परीक्षा का समय बदला

12वीं बोर्ड के दो विषयों के परीक्षा का समय बदला

अबतक इंडिया न्यूज 6 फरवरी । राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने 12वीं बोर्ड की दो परीक्षाओं के समय में अहम बदलाव किया है. 17 फरवरी को होने वाली कंप्यूटर विज्ञान व इन्फॉर्मेटिक्स प्रैक्टिकल तथा 24 फरवरी की चित्रकला परीक्षा अब सुबह के बजाय दोपहर पारी  में आयोजित होगी. पहले ये परीक्षाएं सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक प्रस्तावित थीं, लेकिन अब दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक आयोजित कराई जाएंगी. बोर्ड सचिव ने संशोधित कार्यक्रम जारी कर इसकी पुष्टि की है.

कई स्कूलों ने क्षमता से ज्यादा विद्यार्थियों का किया पंजीकरण.

समय परिवर्तन के पीछे बड़ा कारण परीक्षा केंद्रों पर क्षमता से अधिक विद्यार्थियों की संख्या सामने आना बताया गया है. बोर्ड जांच में सामने आया कि कई स्कूलों ने वास्तविक क्षमता से अधिक स्टूडेंट्स का एनरोलमेंट दिखाया. 17 फरवरी की परीक्षा को लेकर 140 से ज्यादा स्कूलों में ओवरलोड की स्थिति पाई गई, वहीं 24 फरवरी की परीक्षा में 450 से अधिक स्कूल प्रभावित पाए गए. शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल समीक्षा कर समय परिवर्तन का निर्णय लिया.

19.86 लाख विद्यार्थी देंगे परीक्षा

इस वर्ष 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में कुल 19 लाख 86 हजार 422 विद्यार्थी शामिल होंगे. इनमें 10वीं के 10 लाख 68 हजार 610 परीक्षार्थी हैं, जबकि 12वीं और वरिष्ठ उपाध्याय सहित अन्य वर्गों के हजारों छात्र भी परीक्षा देंगे. परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए प्रदेशभर में 6193 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं. बोर्ड का कहना है कि व्यवस्थाओं को संतुलित रखने के लिए ही समय में आंशिक बदलाव किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *