अबतक इंडिया न्यूज जोधपुर, 25 अक्टूबर। देशनोक रेलवे स्टेशन पर हुए अमृत भारत स्टेशन योजना में ऐतिहासिक पुनर्विकास कार्यों की सौगात के उपलक्ष्य में शुक्रवार को देशनोक के प्रतिनिधि मंडल ने उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों का नागरिक अभिनंदन किया।

राजस्थान विप्र फाउंडेशन ज़ोन 1-बी के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीनारायण शर्मा के नेतृत्व में जोधपुर रेल मंडल मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा एवं रेल सुरक्षा बल कमांडेंट नितीश शर्मा का साफ़ा, शॉल, श्रीफल और विप्र दुपट्टा भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया। प्रतिनिधि मंडल ने सभी अधिकारियों को दीपावली की शुभकामनाएँ भी दीं।

इस अवसर पर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें देशनोक रेलवे स्टेशन पर स्वीकृत प्लेटफॉर्म नंबर दो के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करवाने तथा बीकानेर-गौहाटी और बीकानेर-चेन्नई एक्सप्रेस ट्रेनों का देशनोक स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। डीआरएम त्रिपाठी ने दोनों ही मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया।

देशनोक रेलवे स्टेशन पर बढ़ते यात्री भार और सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधि मंडल ने रेल सुरक्षा बल कमांडेंट नितीश शर्मा से आरपीएफ चौकी स्थापित करने का आग्रह किया। कमांडेंट शर्मा ने आश्वासन दिया कि जल्द ही चौकी की स्वीकृति पर निर्णय लिया जाएगा।

प्रतिनिधि मंडल में विप्र फाउंडेशन देशनोक अध्यक्ष कैलाश चंद उपाध्याय, पार्षद चण्डीदान, भाजपा नेता सुशील पड़िहार, रामलाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल रहे।









