Home » धर्म » तीन दिवसीय परिक्रमा का आगाज,मां करणी की ओरण में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा देशनोक

तीन दिवसीय परिक्रमा का आगाज,मां करणी की ओरण में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा देशनोक

मां करणी की ओरण परिक्रमा
अबतक इंडिया न्यूज 22 नवंबर देशनोक । विश्वविख्यात धार्मिक नगरी देशनोक में मां करणी की पवित्र ओरण की तीन दिवसीय परिक्रमा का शुभारंभ हो गया। परिक्रमा के आगाज के साथ ही देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। परिक्रमा मार्ग मां करणी के जयकारों से गुंजायमान है और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है तथा आस्था के इस महाकुंभ में बड़ी संख्या में भक्त अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
प्रन्यास अध्यक्ष बादल सिंह ने बताया कि 24 नवंबर तक चलने वाली इस परिक्रमा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। आयोजन को लेकर अनुमान जताया जा रहा है कि तीन दिनों में 15 लाख से अधिक श्रद्धालु देशनोक पहुंच सकते हैं। रविवार, 23 नवंबर को परिक्रमा में सर्वाधिक भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रन्यास और प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।

यातायात प्रबंधन के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। यातायात प्रबंधन के तहत आवागमन को व्यवस्थित करने और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। श्री करणी मंदिर प्रन्यास और स्थानीय पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर लगातार व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की पैनी नजर

परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता बनी हुई है। स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार गश्त की जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, परिक्रमा मार्ग और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
आस्था के रंग में रंगी धर्मनगरी
मां करणी की पवित्र ओरण की परिक्रमा देशनोक की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख आयोजन है। परिक्रमा मार्ग पर गूंजते जयकारे, श्रद्धालुओं की कतारें और भक्तिमय वातावरण इस आयोजन की भव्यता को दर्शा रहे हैं। आगामी दो दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। ऐसे में मंदिर प्रन्यास और प्रशासन के सामने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *