Home » धर्म » कब है देव दिवाली? नोट करें सही तारीख, प्रदोष काल दीपदान मुहूर्त के साथ जानें क्यों मनाते हैं यह पर्व

कब है देव दिवाली? नोट करें सही तारीख, प्रदोष काल दीपदान मुहूर्त के साथ जानें क्यों मनाते हैं यह पर्व

अबतक इंडिया न्यूज 16 नवंबर । हिंदू धर्म में देव दिवाली का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है. हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाने वाली देव दिवाली को देवताओं की दिवाली भी कहा जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर राक्षस का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी. इसी खुशी में सभी देवी-देवताओं ने काशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया था. साल 2026 में देव दिवाली 24 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी. इस दिन गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व है. ऐसे में आइए जानते हैं देव दिवाली की सही तिथि, दीपदान का शुभ मुहूर्त और इस पर्व को मनाने के पीछे की पौराणिक मान्यता.

कब है देव दिवाली?
पंचांग के अनुसार, साल 2026 में कार्तिक पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात 11 बजकर 42 मिनट से शुरू होगी और 24 नवंबर की रात 8 बजकर 23 मिनट तक रहेगी. उदया तिथि और पूर्णिमा के चंद्रमा की उपस्थिति के आधार पर 24 नवंबर दिन मंगलवार को देव दिवाली मनाई जाएगी. साथ ही इस दिन प्रदोष काल में पूर्णिमा तिथि भी रहेगी क्योंकि देव दिवाली के दिन प्रदोष काल में दीपदान का किया जाता है. इस दिन गंगा स्नान, पूजा-पाठ, दान और दीपदान का विशेष महत्व रहेगा.
दीपदान का शुभ मुहूर्त
देव दिवाली पर प्रदोष काल में दीपदान करना बेहद शुभ माना जाता है.
प्रदोष काल देव दिवाली मुहूर्त: शाम 5 बजकर 8 मिनट से 7 बजकर 47 मिनट तक
लाभ चौघड़िया मुहूर्त: शाम 7 बजकर 5 मिनट से लेकर 8 बजकर 24 मिनट तक
इस दौरान श्रद्धालु गंगा घाटों, मंदिरों और घरों में दीप जलाकर भगवान शिव, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना कर सकते हैं.
क्यों मनाई जाती है देव दिवाली?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देव दिवाली का संबंध भगवान शिव और त्रिपुरासुर नामक राक्षस से है. कहा जाता है कि त्रिपुरासुर ने अपनी शक्तियों से तीनों लोकों में आतंक मचा रखा था. उसके अत्याचारों से परेशान होकर देवताओं ने भगवान शिव से सहायता मांगी. इसके बाद भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन त्रिपुरासुर का वध कर तीनों लोकों को उसके आतंक से मुक्त कराया. इसी विजय के कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी कहा जाता है और कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहते हैं. मान्यता है कि त्रिपुरासुर के वध की खुशी में सभी देवी-देवताओं ने स्वर्ग से धरती पर आकर दीप जलाए थे. तभी से इस दिन को देव दिवाली के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *