Home » धर्म » छठ महापर्व में सुहागिन महिलाएं नाक से मांग तक लंबा नारंगी सिंदूर क्यों लगाती हैं… जानें सुहाग और सूर्य उपासना से जुड़ी मान्यता

छठ महापर्व में सुहागिन महिलाएं नाक से मांग तक लंबा नारंगी सिंदूर क्यों लगाती हैं… जानें सुहाग और सूर्य उपासना से जुड़ी मान्यता

Chhath Mahaparva

अबतक इंडिया न्यूज 13 नवंबर । छठ महापर्व में सूर्यदेव और छठी मईया की आराधना के साथ कई ऐसी परंपराएं निभाई जाती हैं, जिनका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है. इन्हीं में एक खास परंपरा व्रती महिलाओं के श्रृंगार से जुड़ी है. छठ के दौरान सुहागिन महिलाएं अपनी मांग से लेकर नाक तक लंबा नारंगी सिंदूर लगाती हैं. आम दिनों में सिंदूर लगाने के तरीके से अलग यह परंपरा लोगों का ध्यान आकर्षित करती है. इसके पीछे अखंड सौभाग्य, पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली से जुड़ी मान्यताएं प्रचलित हैं.

ज्यौतिष विशेषज्ञों के अनुसार  साल 2026 में छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर, दिन शुक्रवार यानी आज से हो रही है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व का समापन 16 नवंबर, दिन सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होगा. इस दौरान महिलाएं संतान की सुख-समृद्धि, परिवार की सलामती और पति की लंबी उम्र की कामना के साथ कठिन व्रत रखती हैं.

नाक से मांग तक सिंदूर लगाने के पीछे क्या है मान्यता?

छठ पूजा में महिलाओं के सोलह शृंगार का विशेष महत्व माना जाता है. व्रती महिलाएं पारंपरिक वस्त्र पहनने के साथ मेहंदी, चूड़ियां और सिंदूर धारण करती हैं. हालांकि इस पर्व पर सिंदूर लगाने का तरीका विशेष होता है. कई क्षेत्रों में महिलाएं नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाती हैं. लोक मान्यताओं के अनुसार, इस तरह सिंदूर लगाना अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना का प्रतीक है. मान्यता है कि जितना लंबा सिंदूर लगाया जाता है, उतनी ही श्रद्धा और समर्पण के साथ महिलाएं अपने सुहाग की मंगलकामना करती हैं. इसे वैवाहिक जीवन की खुशहाली और परिवार पर आने वाली परेशानियों से रक्षा की प्रार्थना से भी जोड़कर देखा जाता है.

नारंगी सिंदूर का सूर्य उपासना से क्या है संबंध?

मान्यता है कि छठ पूजा में नारंगी और गहरे केसरिया रंग के सिंदूर का विशेष महत्व है. दरअसल नारंगी रंग को हिंदू परंपरा में ऊर्जा, उत्साह, पवित्रता और शुभता का प्रतीक माना जाता है. वहीं सूर्य देव को जीवन, प्रकाश और ऊर्जा का आधार माना गया है. छठ महापर्व में अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर उनकी उपासना की जाती है. ऐसे में नारंगी सिंदूर को सूर्य के तेज और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़कर देखा जाता है.

सिंदूर सिर्फ शृंगार नहीं, आस्था का प्रतीक

छठ व्रत में सिंदूर केवल सुंदरता बढ़ाने का माध्यम नहीं है बल्कि यह महिलाओं की धार्मिक आस्था, प्रेम और पारिवारिक समर्पण को भी दर्शाता है. व्रती महिलाएं निर्जला उपवास रखकर भगवान सूर्य और छठी मईया से अपने परिवार की सुख-शांति और संतान के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना करती हैं. बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित कई क्षेत्रों में मांग से नाक तक सिंदूर लगाने की यह परंपरा पीढ़ियों से निभाई जा रही है. यही वजह है कि छठ महापर्व में यह विशेष शृंगार धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक पहचान का भी हिस्सा बन गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *