पंचांग के अनुसार, आज कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा उपरांत द्वितीया तिथि, विशाखा नक्षत्र, बव करण, शोभन योग, उत्तर का दिशाशूल है. इस दिन चंद्रमा वृश्चिक राशि पर संचार करेंगे तो सूर्य तुला राशि में विराजमान रहेंगे. आज गोवर्धन महाराज की पूजा के साथ बजरंगबली की आराधना और मंगलवार व्रत का भी विशेष महत्व रहेगा.मंगलवार को सुबह 6:41 बजे सूर्योदय और शाम 5:40 बजे सूर्यास्त होगा. वहीं, सुबह 7:26 बजे चंद्रोदय और शाम 6:16 बजे चंद्रास्त होगा.
मेष राशिफल, मन में बेचैनी रहेगी, गुस्से पर रखें काबू
मेष राशि के जातकों के लिए आज मंगलवार को आपके राशीश मंगलदेव का दिन है। इसलिए शरीर में फुर्ती रहेगी और काम निपटाने का जोश बना रहेगा। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके आठवें घर में हैं। इसलिए मन में किसी पुरानी बात की चुभन या अनजानी बेचैनी दबी रह सकती है, जो अचानक गुस्से के रूप में बाहर आ सकती है। वाहन चलाते या मशीन पर काम करते समय अतिरिक्त सावधानी रखें। बातचीत में दिखावे और जिद से बचें। नया कर्ज लेने से बचें और बड़ा खर्च आज न करें। सिर दर्द, ब्लड प्रेशर के उतार-चढ़ाव की परेशानी हो सकती है। शुभ रंग: गहरा लाल । शुभ अंक: 9
शुभ रंग: गहरा लाल । शुभ अंक: 9, उपाय: हनुमान चालीसा का पाठ करें और बंदरों को चना खिलाएं।

वृषभ राशिफल, जीवनसाथी के मन की बात सुनें
वृषभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन जीवनसाथी, साझेदारों और ग्राहकों से जुड़ा है। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके सातवें घर में हैं, इसलिए जीवनसाथी के मन में कोई छिपी हुई बात हो सकती है, जिसे वे कह नहीं पा रहे हों। उन पर गुस्सा या शक करने की जगह आराम से पूछें और धैर्य से सुनें। गोवर्धन पूजा पर पति पत्नी साथ मिलकर अन्नकूट का भोग लगाएंगे, तो रिश्ते में गर्मजोशी बनी रहेगी। कारोबार में साझेदार का हिस्सा स्पष्ट रखें। ग्राहकों के साथ अच्छे संबंध रखें। दफ्तर में किसी पुराने बकाया काम या विरोधी की बात निपटानी पड़ सकती है। कमर के निचले हिस्से में खिंचाव हो सकता है। शाम को परिवार संग भोजन करें।
शुभ रंग: सफेद । शुभ अंक: 6 ,उपाय: गाय को गुड़ और हरा चारा खिलाएं।
मिथुन राशिफल, पीठ पीछे की चर्चा से रहें दूर
मिथुन राशि के जातकों के लिए आज का दिन दफ्तर, सेहत और विरोधियों के मामलों में चुप रहकर काम करने का है। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके छठे घर में हैं, इसलिए गुप्त विरोधी या सहकर्मी सामने कुछ नहीं कहेंगे। मगर, आपकी पीठ पीछे शिकायत या चुगली कर सकते हैं। आप बिना प्रतिक्रिया दिए अपना काम पूरा करते रहें, यही आपकी जीत होगी। किसी पुराने रोग की जांच कराने या इलाज कराने के लिए आज उपयुक्त दिन है। पुराने कर्ज को चुकाने का विचार बनेगा। घर में पालतू जानवर हो तो उसके खाने का ध्यान रखें। पाचन और पेट के संक्रमण की संभावना है, बाहर का खाना न लें। शाम को हल्का भोजन करें।
शुभ रंग: हरा । शुभ अंक: 5 ,उपाय: अन्नकूट का प्रसाद घर के सभी सदस्यों में बांटें।
कर्क राशिफल, प्रेम में गहराई रहेगी, लेकिन ईर्ष्या से बचें
कर्क राशि के जातकों के लिए आज का दिन प्रेम से जुड़ा है। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके पांचवें घर में हैं, इसलिए प्रेम संबंध में भावनाएं गहरी तो होंगी। मगर, बिना बात शक या ईर्ष्या मन में आ सकती है, उसे बातचीत से दूर करें। हो सकता है कि बच्चा आज कोई बात छिपा रहा हो, उसे डांटने की जगह प्यार से पूछें। विद्यार्थियों को एकाग्रता में कमी महसूस होगी। गोवर्धन पूजा में बच्चों को शामिल करने से उनका उत्साह बढ़ेगा और आपको भी खुशी मिलेगी। किसी रचनात्मक काम, जैसे लेखन या चित्रकारी में गहराई से डूबकर करेंगे काम। जल्दबाजी या तुनकमिजाजी से बचें। सर्दी, आंखों में परेशानी या सीने में भारीपन रह सकता है।
शुभ रंग: सफेद । शुभ अंक: 2 ,उपाय: बच्चों के साथ गोवर्धन की पूजा और परिक्रमा करें।
सिंह राशिफल, धार्मिक आस्था और सहनशक्ति बनी रहेगी
सिंह राशि के जातकों की आज धार्मिक आस्था और सहनशक्ति बनी रहेगी। मंगलदेव बारहवें घर में नीच हैं, इसलिए अचानक कोई छोटा खर्च, जैसे घर के सामान की मरम्मत, सामने आ सकता है। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके चौथे घर में हैं, इसलिए मन में घर को लेकर कोई अनकही बात या माताजी के स्वास्थ्य की चिंता रह सकती है। रसोई में अन्नकूट की तैयारी में आपको काम करना पड़ सकता है। माताजी की सलाह आज महत्वपूर्ण साबित होगी। परिवार के किसी सदस्य से मन में दबी नाराजगी को बातचीत से सुलझाएं। सीने में भारीपन या मन पर बोझ महसूस हो सकता है, गहरी सांस लेने-छोड़ने का अभ्यास करें।
शुभ रंग: लाल । शुभ अंक: 1 , उपाय: गौशाला में आर्थिक सहयोग दें और गुड़-रोटी का दान करें।
कन्या राशिफल, मन की बात कहने में हिचक महसूस होगी
कन्या राशि के जातकों के लिए आज का दिन अपनी बात कहने में थोड़ी हिचक का है। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके तीसरे घर में हैं, इसलिए आत्मविश्वास थोड़ा कम रहेगा और मन की बात किसी से कहने का साहस नहीं जुटा पाएंगे। भाई-बहन के साथ अधूरी किसी बात कर सकते हैं या कोई सलाह ले सकते हैं। आपके लग्न पर शुक्रदेव नीच हैं और लग्नेश बुधदेव दूसरे घर में अस्त हैं, इसलिए खुद की क्षमताओं पर संदेह हो सकता है। पैसों के हिसाब में थोड़ी गलती संभव है। अन्नकूट में सेवा करने का मौका मिले तो पीछे न हटें। दोस्तों से आज कोई बड़ी उम्मीदें न रखें। गले में खराश और कानों में दर्द की शिकायत रह सकती है।
शुभ रंग: जैतूनी । शुभ अंक: 3 ,उपाय: जरूरतमंद को खिचड़ी का दान करें।
तुला राशिफल, पैसों की चिंता रहेगी, परिजनों से मीठा बोलें
तुला राशि के जातकों के लिए आज का दिन परिवार पर ध्यान देने का है। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके दूसरे घर में हैं, इसलिए पैसों को लेकर मन में चिंता रह सकती है। आज बोली में हल्की कड़वाहट आ सकती है, खासकर परिजनों के साथ बात करते हुए। लिहाजा, वाणी में थोड़ी मिठास रखें या कम बोलें। गोवर्धन पूजा और अन्नकूट में पूरे परिवार के शामिल होने से पुरानी खटास कम होगी। सूर्यदेव-बुधदेव आपके लग्न पर हैं और बुधदेव अस्त भी हैं, इसलिए अपनी बात समझाने में परेशानी आएगी। खर्च ज्यादा और बेवजह की चिंता रह सकती है। किसी को उधार देने से बचें। भोजन में तीखा और मसालेदार कम रखें। मुंह में छाले, एसिडिटी या दांतों में तकलीफ संभव है।
शुभ रंग: हल्का आसमानी । शुभ अंक: 15 , उपाय: अन्नकूट का एक हिस्सा गाय को खिलाएं।
वृश्चिक राशिफल, मंगलदेव का बल मिलेगा
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए आज मंगलवार को आपके राशीश मंगलदेव का दिन है। इसलिए साहस, ऊर्जा और काम निपटाने की ताकत रहेगी। मगर, अस्त और नीच चंद्रदेव आपके लग्न पर हैं, इसलिए मन में शक, जलन या दबे हुए गुस्से की लहर आ सकती है। किसी के व्यवहार को लेकर अनावश्यक अंदाजे न लगाएं और बात को ठंडे दिमाग से सोचें। आपके लग्नेश मंगलदेव नौवें घर में नीच हैं, इसलिए अपनी मेहनत और बड़ों की सलाह पर भरोसा रखें। खर्च और किसी पुरानी चिंता का बोझ रहेगा। गोवर्धन पूजा पर किसी की निस्वार्थ सेवा करने से मन को शांति मिलेगी। बहसबाजी से बचें और वाहन तेज रफ्तार में न चलाएं। पित्त बढ़ने, पेट में जलन या गर्मी से नाक में तकलीफ संभव है।
शुभ रंग: ऑरेंज । शुभ अंक: 8 ,उपाय: ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः मंत्र का जाप करें।
धनु राशिफल, अन्नदान से मिलेगा सुकून, दोस्तों से होगी बात
धनु राशि के जातकों के लिए आज का दिन अन्नदान, एकांत और मन की गहराई का है। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके बारहवें घर में हैं। इसलिए रात में नींद देर से और हल्की आएगी। मन में कोई बात या चिंता घूमती रहेगी। अन्नकूट के मौके पर किसी गौशाला या आश्रम में अन्न का दान करना आपके मन को स्थिर करेगा। सूर्यदेव और बुधदेव आपके ग्यारहवें घर में हैं, इसलिए किसी पुराने मित्र से मुलाकात या फोन पर बातचीत से मन हल्का होगा। छोटा लाभ भी संभव है। मंगलदेव आठवें घर में नीच हैं, इसलिए अचानक कोई शारीरिक चोट लग सकती है या खर्च सामने आ सकते हैं। गुप्त शत्रुओं की बातों पर प्रतिक्रिया न दें। आंखों में जलन और नींद की कमी रहेगी। शुभ रंग: हरा । शुभ अंक: 12 ,उपाय: गौशाला या आश्रम में अन्न का दान करें।
मकर राशिफल, मित्रों के साथ मिलने से खुद को मजबूत स्थिति में पाएंगे
मकर राशि के जातकों के लिए आज का दिन दोस्तों, बड़े भाई-बहन और लाभ से जुड़ा है। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके ग्यारहवें घर में हैं, इसलिए दोस्तों के साथ अन्नकूट का सहभोज करने का मौका मिलेगा। दोस्तों के साथ से खुद को मजबूत स्थिति में पाएंगे। हालांकि, किसी दोस्त के मन में छिपी नाराजगी या उपेक्षा की भावना हो सकती है। इसे ज्यादा दिल पर न लें। फोन करके सीधे बात करें, रिश्ता संभल जाएगा। रुके हुए पैसे वापस मिलने में थोड़ी देरी संभव है, उम्मीद न छोड़ें। सूर्यदेव और बुधदेव आपके दसवें घर में हैं, इसलिए दफ्तर में अधिकारी आपकी बात सुनेंगे। किसी मंदिर या धार्मिक जगह की छोटी यात्रा हो सकती है। जोड़ों में अकड़न या ठंड से दर्द बढ़ सकता है।
शुभ रंग: भूरा । शुभ अंक: 4 ,उपाय: मित्रों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करें और किसी जरूरतमंद को भी खिलाएं।
कुंभ राशिफल, बॉस से साफतौर पर कहें मन की बात
कुंभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन करियर में संतुलन बनाने का है। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके दसवें घर में हैं, इसलिए काम में उत्साह कम रहेगा। मन कहीं और भटकता रहेगा। बॉस से किसी समस्या या अपनी असंतुष्टि को छिपाने की जगह सीधे और विनम्र शब्दों में साफतौर पर बताना बेहतर रहेगा। गोवर्धन पूजा पर कार्यस्थल पर प्रसाद बांटने या सहयोगियों के साथ भोजन करने से आपसी निकटता बढ़ेगी। पैसों के मामले में पुराने निर्णयों की समीक्षा करें। पिता या वरिष्ठ की सलाह काम आएगी। मंगलदेव छठे घर में नीच हैं, इसलिए विरोधियों से उलझने से बचें। तनाव से सिर में भारीपन और थकान रहेगी, छोटे ब्रेक लेते रहें।
शुभ रंग: नीला । शुभ अंक: 22 ,उपाय: कार्यस्थल पर गोवर्धन पूजन के बाद सबको प्रसाद बांटें।
मीन राशिफल, किसी विषय पर आस्था को लेकर उठेंगे सवाल
मीन राशि के जातकों के लिए आज का दिन आस्था, पिता और बड़ों से जुड़े विचारों का है। अस्त और नीच चंद्रदेव आपके नौवें घर में हैं, इसलिए धर्म, भाग्य या किसी पुरानी मान्यता को लेकर मन में सवाल उठ सकते हैं। पिता या किसी गुरु से खुलकर बात करने पर उलझन दूर होगी। गोवर्धन पूजा और अन्नकूट के दर्शन करना या श्रीकृष्ण की कथा सुनना आपके लिए विशेष शांति देगा। लग्न पर शनिदेव वक्री हैं, इसलिए थकान महसूस होगी और धैर्य की परीक्षा बनी रहेगी। शुक्रदेव सातवें घर में नीच हैं, इसलिए जीवनसाथी के साथ छोटी बात पर बहस से बचें। सेहत में जांघ और कूल्हे की हड्डियों में दर्द रह सकता है, सीढ़ियां धीरे चढ़ें।
शुभ रंग: हल्का हरा । शुभ अंक: 7, उपाय: श्रीकृष्ण को माखन मिश्री का भोग लगाएं।











