अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 29 अक्टूबर। बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने गुरुवार को ग्राम चकगर्बी में अतिक्रमण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि से कब्जे हटाए तथा खातेदारी भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया। प्राधिकरण के अनुसार, कार्रवाई करीब 100 बीघा भूमि से संबंधित अतिक्रमण एवं अवैध प्लॉटिंग के मामले में की गई।
बीडीए आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुडे नाना के निर्देश पर तहसीलदार महेंद्र सिंह रतनू के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम ने चकगर्बी के विभिन्न सरकारी खसरों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इसके साथ ही खातेदारी खसरों पर काटे गए अवैध भूखंडों और कॉलोनियों को भी ध्वस्त किया गया।
अवैध भूखंडों के बेचान से जुड़ी दुकान सीज

कार्रवाई के दौरान अवैध भूखंडों के बेचान के लिए संचालित एक प्रॉपर्टी डीलिंग दुकान को भी सीज किया गया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के साथ ही अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर अंकुश लगाना है।
तहसीलदार महेंद्र सिंह रतनू ने बताया कि अतिक्रमण के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई जारी रहने के संकेत
बीडीए की इस कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग और अतिक्रमण के मामलों में सख्ती का संकेत मिला है। प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जाएगा।












