Home » राजस्थान » देशनोक में राजस्थान ग्रामीण बैंक की प्रस्तावित शाखा के परिसर चयन पर सवाल, RBI ने शिकायत जांच हेतु NABARD को भेजी

देशनोक में राजस्थान ग्रामीण बैंक की प्रस्तावित शाखा के परिसर चयन पर सवाल, RBI ने शिकायत जांच हेतु NABARD को भेजी

राजस्थान ग्रामीण बैंक

अबतक इंडिया न्यूज 29 अक्टूबर देशनोक । देशनोक में राजस्थान ग्रामीण बैंक की प्रस्तावित शाखा के लिए परिसर चयन को लेकर उठे सवालों के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मामले में प्राप्त शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (NABARD) को अग्रेषित कर दिया है। RBI के संबंधित विभाग की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को ईमेल के माध्यम से शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दी गई।

देशनोक निवासी गोपाल मोहत ने RBI के केंद्रीय सतर्कता प्रकोष्ठ (Central Vigilance Cell) को भेजी शिकायत में राजस्थान ग्रामीण बैंक की प्रस्तावित शाखा के लिए आरसीसी रोड स्थित श्री जगदीश दान के परिसर में चल रहे कार्यों तथा भवन की वैधानिक स्थिति को लेकर जांच की मांग की थी। शिकायत में परिसर चयन, निविदा शर्तों के अनुपालन और नगरपालिका की ओर से जारी नोटिस से जुड़े बिंदुओं को उठाया गया है।

भवन की स्वीकृति और भूमि उपयोग की जांच की मांग

शिकायतकर्ता के अनुसार, संबंधित परिसर में बैंक की प्रस्तावित शाखा के लिए फर्नीचर, रंग-रोगन सहित अन्य कार्य किए जा रहे हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार भवन की निर्माण स्वीकृति नगरपालिका के अभिलेखों में नहीं मिली तथा भूमि का उपयोग आवासीय बताया गया है। ऐसे में भूमि उपयोग परिवर्तन और व्यावसायिक उपयोग की वैधानिकता का आधिकारिक सत्यापन कराने की मांग की गई है।

शिकायत में भवन के रैंप एवं सीढ़ियों के कारण सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण अथवा आवागमन में बाधा की आशंका भी जताई गई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि सड़क की सीमा का आधिकारिक मापन कराया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त, नगरपालिका की ओर से भवन मालिक और बैंक को नोटिस जारी किए जाने की जानकारी का उल्लेख करते हुए परिसर की कानूनी स्थिति तथा निविदा शर्तों के अनुपालन की जांच की मांग की गई है।

निष्पक्ष जांच और अभिलेखों के सत्यापन का आग्रह

गोपाल मोहत ने शिकायत में स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति के विरुद्ध बिना प्रमाण आरोप लगाना नहीं, बल्कि उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराना है। उन्होंने परिसर चयन से संबंधित दस्तावेजों, निविदा प्रक्रिया, निरीक्षण रिपोर्ट, सक्षम अधिकारी की स्वीकृति और नगरपालिका के नोटिस पर की गई कार्रवाई का तथ्यात्मक विवरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही, यदि जांच में प्रथमदृष्टया किसी अनियमितता के संकेत मिलते हैं, तो मामले को संबंधित सक्षम सतर्कता अथवा जांच एजेंसी तक पहुंचाने की मांग की गई है।

RBI ने जांच के लिए  NABARD को भेजी शिकायत

आवश्यक कार्रवाई के लिए NABARD को अग्रेषित
आवश्यक कार्रवाई के लिए NABARD को अग्रेषित

29 अक्टूबर 2026 को RBI के एसीजी, डीओएस विभाग की ओर से भेजे गए ईमेल में बताया गया कि राजस्थान ग्रामीण बैंक का पर्यवेक्षण NABARD द्वारा किया जाता है। इसी आधार पर शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए NABARD को अग्रेषित कर दिया गया है। ईमेल में शिकायतकर्ता को भविष्य में इस मामले से संबंधित पत्राचार के लिए NABARD से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

RBI की ओर से शिकायत को अग्रेषित किया जाना मामले में शिकायत प्राप्त होने और संबंधित संस्था को भेजे जाने की पुष्टि करता है। इस प्रकरण जुड़े अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं ।

अब मामले में परिसर चयन की प्रक्रिया, भवन की वैधानिक स्थिति, निविदा शर्तों के अनुपालन तथा नगरपालिका के नोटिस पर की गई कार्रवाई के संबंध में संबंधित अभिलेखों के सत्यापन और सक्षम प्राधिकारी की जांच पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *