Home » भारतीय रेल » गंदगी-धूम्रपान पर रेलवे की सख्ती,छह माह में 7 हजार से ज्यादा मामले पकड़े, 13.73 लाख रुपए का जुर्माना वसूला

गंदगी-धूम्रपान पर रेलवे की सख्ती,छह माह में 7 हजार से ज्यादा मामले पकड़े, 13.73 लाख रुपए का जुर्माना वसूला

अबतक इंडिया न्यूज 24 अक्टूबर जोधपुर। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर गंदगी फैलाना और धूम्रपान करना जेब पर भारी पड़ रहा है। जोधपुर मंडल में रेलवे ने अप्रैल से सितंबर तक प्रथम छमाही के दौरान ऐसे 7,100 से ज्यादा मामलों में कार्रवाई कर करीब 13.73 लाख रुपए जुर्माना वसूला। इनमें सबसे ज्यादा साढ़े छह हजार मामले गंदगी फैलाने के थे,जबकि धूम्रपान के 611 मामले पकड़े गए।

गंदगी-धूम्रपान पर रेलवे की सख्ती
गंदगी-धूम्रपान पर रेलवे की सख्ती

गंदगी फैलाने वालों से करीब 7.84 लाख रुपए और धूम्रपान करने वालों से 5.89 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया। रेलवे का जोर केवल जुर्माना वसूलने पर ही नहीं, बल्कि यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर ट्रेनों और रेलवे परिसरों में नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। टिकट जांच कर्मचारी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक भी कर रहे हैं।

नियम तोड़ने पर जुर्माना

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार,संशोधित जन विश्वास अधिनियम के तहत गंदगी फैलाने पर अब सौ से पांच सौ की जगह एक हजार रुपए और धूम्रपान करने पर दो सौ की जगह दो हजार रुपए तक जुर्माने का प्रावधान बताया गया है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में कचरा न फैलाएं तथा धूम्रपान से परहेज करें। यात्रियों की भागीदारी से ही रेल परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *