अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 22 अक्टूबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के प्रथम चरण में निर्वाचन ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले 28 कार्मिकों पर जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) निशान्त जैन ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 134 के तहत इन कार्मिकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आदेश तामील होने के बाद भी रहे गैरहाजिर
जारी नोटिस के अनुसार प्रथम चरण के मतदान दलों की रवानगी और प्रशिक्षण 21 अक्टूबर को राजकीय डूंगर महाविद्यालय से होना था। आदेशों की विधिवत तामील होने के बावजूद ये 28 कार्मिक निर्धारित समय पर रवानगी स्थल पर अनुपस्थित रहे और अनुपस्थिति का कोई स्पष्ट कारण भी दर्ज नहीं कराया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इसे चुनाव प्रक्रिया के प्रति गंभीर लापरवाही माना है।
तीन दिन का अंतिम अल्टीमेटम
सभी संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया गया है कि वे नोटिस मिलने के तीन दिवस के भीतर अपने कार्यालयाध्यक्ष के माध्यम से जिला निर्वाचन कार्यालय में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय सीमा में उचित जवाब नहीं देने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध एकतरफा सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इन अधिकारियों व कर्मचारियों को थमाया नोटिस
ड्यूटी से नदारद रहने पर सीएमएचओ कार्यालय के वरिष्ठ सहायक विकास, राउमावि कालू के व्याख्याता राकेश कुमार मीणा, दियातरा के अध्यापक लीलाधर, कीतासर के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बालनाथ, लोहिया के पीटीआई सहीराम सारण, मुरलीधर व्यास नगर एमजीएस के उपप्रधानाचार्य महेश सोलंकी, भू-प्रबंध कार्यालय के कनिष्ठ सहायक महावीर बाना, खिंदासर के शिक्षक रामनिवास भुंवाल, पीएचईडी के बेलदार सुरेन्द्र सिंह, माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी राज कुमार, बज्जू उपखंड के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गोपालदान, प्रारंभिक शिक्षा के सहायक प्रशासनिक अधिकारी सौरभ बंसल, उप वन संरक्षक वन्यजीव कार्यालय के सहायक लेखाधिकारी नंद किशोर उपाध्याय, माध्यमिक शिक्षा के कनिष्ठ सहायक जितेंद्र सिंह, ठुकरियासर के शिक्षक चंद्रभान, माध्यमिक शिक्षा के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी संजीव पंवार, आयुर्वेद विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लक्ष्मी नारायण मारू, खारी चारणान के वरिष्ठ पीटीआई माणक चंद सुथार, राजासर करणीसर के शिक्षक श्रीचंद परिहार, सारुंडा के प्रबोधक ओम प्रकाश चारण, बज्जू नहर परियोजना के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी फिरोज, माध्यमिक शिक्षा के प्रिंसिपल रामनिवास, सींथल एमजीएस के वरिष्ठ पीटीआई हरेंद्र सिंह बिट्ठू, कोलासर के वरिष्ठ शिक्षक सहजानंद उपाध्याय, डीईओ प्रारंभिक के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी नवरतन जोशी, शहीद मेजर जेम्स थॉमस स्कूल के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी रामचन्द्र, कृषि अधिकारी (विस्तार) गिरिराज तथा खान विभाग के सहायक लेखाधिकारी भवानी शंकर किराड़ू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।












