अबतक इंडिया न्यूज 17 अक्टूबर देशनोक । जगदंबा मां करणी के जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर शनिवार शाम ऐतिहासिक नगरी देशनोक स्थित करणी माता मंदिर प्रांगण का नजारा बेहद अलौकिक और मनमोहक रहा। जन्मोत्सव की पूर्ववर्णी बेला पर मंदिर परिसर और आसमान में आतिशबाजी का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे पूरा प्रांगण भक्तिमय रोशनी से नहा उठा।

रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर प्रांगण
जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर मां करणी के मुख्य मंदिर के प्रवेश द्वार और पूरे मंदिर भवन को आकर्षक एवं रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। दूधिया और सतरंगी रोशनी में जगमगाता मंदिर परिसर देखते ही बन रहा था।
आसमान में बिखरे आतिशबाजी के रंग

मंदिर की भव्य सजावट के साथ-साथ शाम ढलते ही की गई भव्य आतिशबाजी ने उत्सव के उल्लास को चार चांद लगा दिए। आसमान रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के धमाकों से जगमगा उठा। मंदिर की मनमोहक सजावट और आसमान में बिखरती आतिशबाजी के इस अद्भुत दृश्य को देखकर वहां मौजूद हजारों श्रद्धालु गदगद नजर आए।
जयकारों से गूंजा प्रांगण
इस अद्वितीय और मनमोहक दृश्य के साक्षी बनने के लिए देश के कोने-कोने से हजारों करणी भक्त देशनोक पहुंचे थे। इस नजारे से अभिभूत होकर श्रद्धालुओं ने एक स्वर में “जय मां करणी” के जयकारे लगाए, जिससे पूरा मंदिर प्रांगण गूंज उठा। भक्तों में जन्मोत्सव को लेकर भारी उत्साह और उल्लास का माहौल देखा गया।












