अबतक इंडिया न्यूज 14 मार्च जयपुर । राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार सुबह जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल से राज्य स्तरीय स्वच्छता सप्ताह का उद्घाटन किया. इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने खुद स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और प्रदेशवासियों को सफाई के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया. राजस्थान दिवस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की कड़ी में शुरू हुआ यह स्वच्छता सप्ताह 19 मार्च तक पूरे प्रदेश में आयोजित किया जाएगा.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पिछले 8 से 10 वर्षों में जनता के व्यवहार में बड़ा बदलाव आया है और लोग स्वच्छता के प्रति पहले से कहीं अधिक जागरूक हुए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस मिशन का मकसद केवल सड़कों और नालियों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों के आचरण में सुधार लाने का एक बड़ा अभियान है. उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ और ‘विकसित राजस्थान 2047’ का सपना तभी पूरा होगा जब प्रदेश का हर घर, हर गली, हर पार्क और हर ऐतिहासिक स्मारक पूरी तरह स्वच्छ होगा.
दिग्गज नेताओं और अधिकारियों की मौजूदगी
स्वच्छता संकल्प जागरूकता के इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, विधायक गोपाल शर्मा और मुख्य सचिव वी श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. राजस्थान स्वच्छता दिवस समारोह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे प्रदेश को स्वच्छता की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प दिलाया. आगामी 19 मार्च तक प्रदेश भर में इसी तरह के विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि राजस्थान को पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके.









