Home » शिक्षा » 27 मार्च से प्रारंभ होगी प्रदेश के छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया,10 अप्रैल को जारी होगी पहली मेरिट सूची

27 मार्च से प्रारंभ होगी प्रदेश के छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया,10 अप्रैल को जारी होगी पहली मेरिट सूची

अबतक इंडिया न्यूज जयपुर, 26 मार्च। राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत के निर्देश पर विभाग द्वारा संचालित राजकीय एवं अनुदानित छात्रावासों (विद्यालय स्तर) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 27 मार्च से ऑनलाइन माध्यम से प्रारंभ कर दी है।

निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव आशीष मोदी ने बताया कि छात्रावासों में प्रवेश के लिए इच्छुक विद्यार्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sso.rajasthan.gov.in एवं नवीन प्रवेश पोर्टल SJMS के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले नए विद्यार्थियों की मेरिट सूची चरणबद्ध रूप से जारी की जाएगी, जिसमें प्रथम मेरिट सूची 10 अप्रैल, द्वितीय मेरिट सूची 23 अप्रैल, तृतीय मेरिट सूची 4 मई तथा चतुर्थ मेरिट सूची 11 मई 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

मोदी ने बताया कराया कि निर्धारित मेरिट सूचियों के पश्चात यदि रिक्त स्थान शेष रहते हैं, तो प्रवेश “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रदान किया जाएगा। साथ ही, प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।

निदेशक ने बताया कि पूर्व में छात्रावास में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आगामी शैक्षणिक सत्र हेतु अपनी अंकतालिका संबंधित छात्रावास अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी। सत्यापन उपरांत अधीक्षक द्वारा पोर्टल पर ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण कर नियमानुसार प्रवेश प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छात्रावास प्रवेश प्रक्रिया एवं अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट http://sje.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *