अबतक इंडिया न्यूज 5 जनवरी मौसम । उत्तर भारत में सर्दी के तीखे तेवर के बीच राजस्थान में भी शीत लहर का दौर जारी है. 5 जनवरी सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा दर्ज किया गया. हालत यह रहेगी सुबह शीत लहर के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित होती हुई नजर आई. स्कूलों में शीतकालीन अवकाश के समापन के बावजूद विद्यार्थियों की उपस्थिति कम रही. प्रदेश में शीतलहर के सितम से जनजीवन प्रभावित होता हुआ दिखा. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का असर देखने को मिलेगा.
3 दिन से जमाव बिंदु पर माउंट आबू
राजस्थान में बर्फीली हवाओं के अटैक के बीच माउंट आबू में लगातार तीसरे दिन पारा शून्य पर रहा. जयपुर, सीकर, पिलानी और झुंझुनूं में सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई. इस बीच राज्य के 7 शहरों में रात का पारा 5 डिग्री से नीचे रहा, जबकि 18 शहरों में रविवार को दिन का तापमान 20 डिग्री से कम था. , कोटा, जयपुर, अजमेर समेत 8 जिलों में कोल्ड-डे का असर दिख रहा है. मौसम विभाग का आज 16 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है. विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक जयपुर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं सहित 6 जिलों में कोल्ड-वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
जयपुर संभाग में कोल्ड वेव जारी
जयपुर संभाग के जिलों में 4 दिन से कोल्ड-वेव का असर बना हुआ है. यहां के सर्द मौसम में धूप भी बेअसर दिख रही है. राजधानी जयपुर में भी सुबह 9:00 बजे तक कोहरे की ओट में सूर्य के दर्शन नहीं हुए. जहां राजधानी के आसपास चौमूं, चाकसू , सिरसी और बस्सी जैसे ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा रहा, वहीं शहरी इलाके में भी सड़कों पर हल्की धुंध छाई रही. सड़कों पर आवाजाही कर रहे वाहनों को भी लाइट जलाकर चलना पड़ा. इस बीच शीत लहर ने ठिठुरन को बढ़ा दिया. जयपुर के रेनवाल क्षेत्र में कोहरे के कारण एक बाइक, अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई और बाइक सवार की इस हादसे में मौके पर ही मौत हो गई.
जयपुर एयरपोर्ट पर आज कोहरे का असर
राजधानी के सांगानेर एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह घने कोहरे के बीच फ्लाइट्स की लैंडिंग में परेशानी देखने को मिली. एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी मात्र 100 मीटर रही , जबकि रनवे पर विजुअल रेंज करीब 300 मीटर थी. कोहरे के कारण आज सुबह यहां इंडिगो की 2 फ्लाइट्स की लैंडिंग नहीं हो सकी. इंडिगो की अहमदाबाद से जयपुर फ्लाइट 6E-7114 और इंडिगो की इंदौर से जयपुर फ्लाइट 6E-7274 की लैंडिंग मैं परेशानी का सामना करना पड़ा.








