अबतक इंडिया न्यूज 15 मार्च जोधपुर। रेलवे सुरक्षा बल ने बाड़मेर में 3.95 लाख रुपए के सिग्नल केबल चोरी के मामले का महज 72 घंटे में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया कि 11 मार्च को बाड़मेर स्थित रेलवे टेलीकॉम एक्सचेंज परिसर से करीब 1700 मीटर सिग्नल केबल चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर लाकर जांच शुरू कर दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का दौरा किया और आरपीएफ भगत की कोठी निरीक्षक मदन लाल भाटी तथा बाड़मेर वृत के रमेश चंद मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान गवाहों से पूछताछ में सामने आया कि चोर चोरी का सामान एक ईको वैन में भरकर ले गए थे।
उन्होंने बताया कि चोरी स्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के बावजूद टीम ने आसपास के घरों और दुकानों में लगे 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही बाड़मेर पुलिस के सहयोग से ‘अभय कमांड सेंटर’ के ट्रैफिक कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची गई। इन फुटेज के आधार पर संदिग्ध वैन के पूरे रास्ते की मैपिंग की गई और 13 मार्च को उस ठिकाने का पता लगा लिया गया,जहां चोरी का सामान एक खरीदार को बेचने के बाद रखा गया था।
डीआरएम ने की इनाम की घोषणा
आरपीएफ की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जांच दल के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
चोरी का पूरा सामान बरामद
टीम ने रात में उस परिसर पर निगरानी रखी और बाड़मेर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 14 मार्च को चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।









