Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » नोखा : महंगाई व गैस कीमतों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन

नोखा : महंगाई व गैस कीमतों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन

अबतक इंडिया न्यूज 16 मार्च नोखा। बढ़ती महंगाई, घरेलू रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों तथा सामाजिक कार्यों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की अनुपलब्धता के विरोध में सोमवार को नोखा ब्लॉक देहात एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में तहसील चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर रोष प्रकट किया।

प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस देहात अध्यक्ष रामनिवास तरड़ एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष मोहनराम लीलड़ ने कहा कि भाजपा सरकार के गलत वित्तीय प्रबंधन के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आमजन, विशेषकर गृहिणियों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है, जिससे आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी के कारण सामाजिक एवं व्यावसायिक गतिविधियाँ भी प्रभावित हो रही हैं। शादी-विवाह जैसे आयोजनों में भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे परिवारों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन्हीं जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील चौराहे पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि आमजन से जुड़े इन गंभीर मुद्दों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक भाजपा सरकार के खिलाफ अपना आंदोलन और तेज करेगी।

जिला सचिव मुरली गोदारा ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री एवं गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर पुतला दहन किया और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सोमलसर भंवरलाल सारण, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष पवन नाई, शहर मंडल अध्यक्ष राकेश जैन, रावताराम मेघवाल, मुकाम मंडल अध्यक्ष श्रीराम डेलू, झाड़ेली सरपंच भंवरलाल तरड़, यूथ कांग्रेस नेता तरुण पंडित, राकेश खिचड़, राजकुमार भादू, ओमप्रकाश तरड़ सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *