Home » राजनीति » विधायक निधि भ्रष्टाचार प्रकरण : विधायक डांगा पर एक्शन की तैयारी, भाजपा अनुशासन समिति ने भेजा नोटिस

विधायक निधि भ्रष्टाचार प्रकरण : विधायक डांगा पर एक्शन की तैयारी, भाजपा अनुशासन समिति ने भेजा नोटिस

अबतक इंडिया न्यूज 29 दिसंबर जयपुर : विधायक निधि में कथित भ्रष्टाचार के मामले में भाजपा विधायक रेवंतराम डांगा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है. राजस्थान भाजपा की अनुशासन समिति की बैठक सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ओंकार सिंह लखावत की अध्यक्षता में हुई. इसमें समिति के समक्ष आधा दर्जन से अधिक मामलों पर सुनवाई हुई. इसमें खास तौर पर भाजपा विधायक डांगा का मामला शामिल रहा. समिति ने मामले की गंभीरता और आरोपों को देखते हुए विधायक डांगा को नोटिस जारी कर तय समय में पक्ष रखने के निर्देश दिए.

अध्यक्ष के निर्देश पर जांच

 समिति अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने बताया कि बैठक में आधा दर्जन से अधिक मामलों पर चर्चा हुई. समिति सदस्य पूर्व सांसद रामकुमार वर्मा, विधायक श्रीचंद कृपलानी और सरोज कुमारी उपस्थित रहीं. पूर्व सांसद नारायण पंचारिया ऑनलाइन जुड़े. लखावत ने बताया कि बैठक में अनुशासनहीनता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा अनुशासनहीनता के प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई का निर्णय किया. खींवसर विधायक रेवतराम डांगा के प्रकरण में समिति ने सर्वसम्मति से कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया. डांगा को तय समय में स्पष्टीकरण के निर्देश दिए हैं.

अध्यक्ष नहीं थे जवाब से संतुष्ट

विधायक निधि में कथित भ्रष्टाचार मामले में भाजपा विधायक डांगा से पूर्व में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जवाब मांगा था. डांगा के जवाब से अध्यक्ष संतुष्ट नहीं थी. ऐसे में अध्यक्ष राठौड़ ने मामले को पार्टी की अनुशासन समिति को सौंप दिया. समिति अध्यक्ष लखावत ने बताया कि मामले की जांच शुरू की. प्रारंभिक तौर पर डांगा को नोटिस जारी किया. नोटिस का जवाब आने पर समिति इस पर अनुशंसा करेगी. भाजपा जीरो टॉलरेंस पर काम करती है. किसी तरह की भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाता है. इस मामले में भी सभी तथ्यों का बारीकी से अध्ययन किया जाएगा. जो भी पार्टी की संविधान में निर्णय लेने के अधिकार है, वह मामले के अनुसार लिए जाएंगे. जरूरत पड़ने पर कठोर कार्रवाई भी समिति करने से पीछे नहीं हटेगी.

विधायक निधि में भ्रष्टाचार का मामला

पिछले दिनों भाजपा से खींवसर विधायक रेवतराम डांगा, हिंडौन से कांग्रेस विधायक अनीता जाटव और बयाना से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत विधायक निधि में कथित रूप से भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसे थे. भाजपा अध्यक्ष ने डांगा को 3 दिन का नोटिस जारी कर जवाब मांगा था. डांगा ने जवाब प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ को भेजा, लेकिन वे इससे संतुष्ट नहीं हुए और जांच और आगे की कार्रवाई के लिए अनुशासन समिति को सौंप दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *