अबतक इंडिया न्यूज 25 मार्च । आम आदमी पार्टी का सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है. रेप और धोखाधड़ी के आरोपी विधायक पठानमाजरा बीते साल (सितंबर 2025) से फरार चल रहे थे. सात महीने बाद अब पुलिस को आरोपी विधायक का सुराग मिला, जिसके बाद उन्हें अरेस्ट कर लिया गया.

आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक पठानमाजरा के खिलाफ रेप, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोप में FIR दर्ज है. इस मामले में वह 2 सितंबर से फरार था. पठानमाजरा को अदालत द्वारा पहले ही ‘भगोड़ा’ घोषित कर लुकआउट नोटिस जारी किया जा चुका था.
हरमीत सिंह पठानमजरा एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं और पंजाब विधानसभा में सनौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे आम आदमी पार्टी के सदस्य हैं। वे 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में विधायक चुने गए थे। वे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी के रिश्तेदार हैं।
विधायक पठानमाजरा पर क्या हैं आरोप
दरअसल, बीते सितंबर 2025 में सिविल लाइंस थाने में एक महिला ने विधायक हरमीत पठानमाजरा के खिलाफ रेप, धोखाधड़ी और धमकी के आरोप में केस दर्ज करवाया था. महिला जीरकपुर की रहने वाली है और उसने कहा था कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताया था और उससे संबंध बनाए थे. इसके बाद साल 2021 में उससे शादी की थी, जबकि वह पहले से शादीशुदा थे.
महिला ने यह दावा भी किया था कि विधायक ने उन्हें अश्लील सामग्री भेजी, धमकियां दीं औ उसका शोषण किया. इस शिकायत के बाद से ही विधायक फरार बताए जा रहे थे.
विधायक ने वीडियो जारी कर दी थी सफाई
इसके बाद विधायक पठानमाजरा ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि वह फरार नहीं हुए हैं बल्कि ‘फर्जी मुठभेड़’ से बचने के लिए भागे हैं. विधायक ने दावा किया था कि पुलिस ने उनकी कार पर फायरिंग की थी. भगवान की दया थी कि वह बच सके. वीडियो जारी करने का यह मामला नवंबर 2025 का है.
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हरमीत सिंह पठानमाजरा के आवास और अन्य जगहों पर कई बार छापेमारी की गई, लेकिन उन्हें पकड़ा नहीं जा सका. इसके अलावा, विपक्षी दल भी लगातार आप सरकार और पुलिस पर हमलावर दिखे और गिरफ्तारी में हो रही देरी पर सवाल उठाए. हालांकि, अब विधायक पठानमाजरा पुलिस हिरासत में हैं.









