Home » युवा » बड़ा हादसा : लाखेरी-पापड़ी ओवरब्रिज के पास पलटा ट्रक, श्रद्धालु नीचे दबे, 2 की मौत और 10 गंभीर घायल

बड़ा हादसा : लाखेरी-पापड़ी ओवरब्रिज के पास पलटा ट्रक, श्रद्धालु नीचे दबे, 2 की मौत और 10 गंभीर घायल

अबतक इंडिया न्यूज 4 जनवरी बूंदी । जिले के लाखेरी उपखंड क्षेत्र में रविवार को लाखेरी–पापड़ी ओवरब्रिज के समीप तेज गति से आ रहा एक ट्रक सड़क पर हो रहे गड्ढों में असंतुलित होकर पलट गया. दुर्भाग्यवश उसी समय चौथ का बरवाड़ा माता के दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए. हादसे में दो व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही पलों में खुशियों से भरी आस्था की यात्रा मातम में बदल गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर कोटा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा कपास से भरा ट्रक पापड़ी ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. इसके चलते सड़क किनारे पैदल चल रहे श्रद्धालु इसके नीचे दब गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन भारी ट्रक के नीचे दबे लोगों को निकालना आसान नहीं था. घटना की सूचना मिलते ही दई खेड़ा और लाखेरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची.

पुलिस ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. क्रेन की सहायता से पलटे ट्रक को सीधा किया गया, ताकि उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला जा सके. इस दौरान एम्बुलेंसों की मदद से घायलों को नजदीकी लाखेरी अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, सभी की हालत गम्भीर होने पर उन्हें कोटा एमबीएस अस्पताल के लिए रेफर किया गया. उधर, हादसे की गंभीरता को देखते हुए बूंदी जिला मुख्यालय से भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए.

एसपी ने कही ये बात 

मामले में पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर भेजा गया और राहत कार्य तत्काल शुरू करवाया गया. सभी घायलों को उपचार के लिए लाखेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया. एसपी मीणा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौक हुई है, जबकि चार से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं. क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. हालांकि, कुछ देर बाद मृतकों की संख्या एक से बढ़कर दो ओर घायलों की संख्या 10 तक पहुंच गई.

2 की मौत, कई घायल

दुर्घटना में दो लोगों की दर्दनाक मौत हुई है, जबकि 10 के करीब घायल बताए जा रहे हैं. लाखेरी पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र नागर ने बताया कि घायलों में महावीर पुत्र भैरूलाल, कमरपुरा, गिरिराज पुत्र बालचन्द, अमरपुरा, गोधराज पुत्र गोवरी लाल भमसूरी कवरपुरा, सावरा पुत्र किशनलाल कवरपुरा, लानी पुत्र सांवरा, देवलाल पुत्र रतनलाल (अमरपुरा), गिरिराज पुत्र बलराज, रामकिशन पुत्र रामकवर, महावीर पुत्र मोडुलाल, जोधराग पुत्र गोबरीलाल, राजाराम पुत्र राधाकिशन अमरसुरा, फोरवीलाल पुत्र मांगीलाल, कालू लाल शामिल बताए जा रहे हैं.

दुर्घटना के बाद कंपनी पर फूटा गुस्सा, ट्रक को लगाई आग

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों की भीड़ ने ट्रक पर फैली कपास को आग लगा दी. इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और भीड़ ने बाद में ट्रक को ही आग के हवाले कर दिया. लोगों ने एक निजी कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप था कि कंपनी के पास मेघा हाईवे के रख-रखाव का जिम्मा है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण आए दिन हादसों में निर्दोष लोगों की जान जा रही है. घटनास्थल पर मौजूद लाखेरी थाना प्रभारी सुभाष शर्मा, दई थाना प्रभारी धारा सिंह ने आक्रोशित लोगों से समझाइश कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस ने दमकल बुलाकर ट्रक में लगी आग को बुझाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *