Home » राजनीति » कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने गृहमंत्री से की मुलाकात,रणजीतपुरा की मासूम छात्रा हत्याकांड पर सख्त कार्रवाई की मांग , आज मुख्यमंत्री से भी करेंगे चर्चा

कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने गृहमंत्री से की मुलाकात,रणजीतपुरा की मासूम छात्रा हत्याकांड पर सख्त कार्रवाई की मांग , आज मुख्यमंत्री से भी करेंगे चर्चा

अबतक इंडिया न्यूज कोलायत / बीकानेर  23 फ़रवरी .  जिले के रणजीतपुरा क्षेत्र में मासूम छात्रा की निर्मम हत्या की घटना को लेकर कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने सोमवार को जयपुर में राजस्थान सरकार के गृहमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से मुलाकात कर पूरे मामले पर गंभीरता से चर्चा की। विधायक भाटी ने प्रकरण की निष्पक्ष, त्वरित और उच्चस्तरीय जांच करवाने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

विधायक भाटी ने कहा कि यह घटना न केवल बेहद दुखद है बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि किसी भी मासूम बेटी के साथ इस प्रकार की जघन्य घटना सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस पर गृहमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधायक भाटी को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस संवेदनशील मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और जांच पूरी पारदर्शिता एवं तत्परता से करवाई जा रही है। दोषियों को हर हाल में कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा।

विधायक भाटी ने बताया कि वे आज ही इस मामले को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी मुलाकात करेंगे, ताकि प्रकरण में त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जा सके तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त एवं प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

भाटी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इस दिशा में हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *