Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » जोधपुर रेल मंडल का संरक्षा संवाद, सेफ्टी कोई विकल्प नहीं,अनिवार्यता है-डीआरएम

जोधपुर रेल मंडल का संरक्षा संवाद, सेफ्टी कोई विकल्प नहीं,अनिवार्यता है-डीआरएम

अबतक इंडिया न्यूज 30 मार्च जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत लूनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सोमवार को आयोजित संरक्षा संवाद कार्यक्रम में रेल संचालन की सुरक्षा,संरक्षा तथा यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कर्मचारियों से सीधे संवाद करते हुए स्पष्ट कहा कि “सेफ्टी कोई विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता है।” उन्होंने “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य को अपनाते हुए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए एसेट मैनेजमेंट,नियमित रिपोर्टिंग और सतत निरीक्षण अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे किसी भी प्रकार की लापरवाही की संभावना समाप्त हो सके।

संवाद के दौरान ट्रैक मेंटेनेंस, सिग्नलिंग सिस्टम, लेवल क्रॉसिंग सुरक्षा, ट्रेन संचालन में सावधानियां एवं आपातकालीन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही स्टेशन पर साफ-सफाई,पेयजल,प्रकाश व्यवस्था,प्रतीक्षालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं के सुधार और उनके अनुरक्षण पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।

कर्मचारियों ने रखीं समस्याएं, समाधान के निर्देश
कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के कर्मचारियों ने अपने दैनिक कार्यों के दौरान आने वाली संरक्षा संबंधी समस्याओं को डीआरएम के सामने रखा। इस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर वर्गीकरण कर चरणबद्ध तरीके से शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा रेल आवासों से जुड़ी मूलभूत समस्याओं पर भी चर्चा हुई, जिनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डेढ़ सौ कर्मचारियों की भागीदारी
संरक्षा संवाद में करीब 150 कर्मचारियों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं व सुझावों से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रामनिवास जाट ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी से शॉर्टकट अपनाने से बचने तथा नियमों का पूर्ण पालन करने का आग्रह किया।

ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर जोगेंद्र मीणा,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) अनुपम कुमार,वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर(सामान्य) नितेश मीणा,वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर(कर्षण) महेंद्र मीणा,वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी (आरपीएफ) नितेश शर्मा,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) अमित स्वामी,मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, सुपरवाइजर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सेफ्टी फर्स्ट का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षित, संरक्षित एवं यात्री-हितैषी रेल संचालन सुनिश्चित करने तथा “सेफ्टी फर्स्ट” के सिद्धांत का पालन करने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *