Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » ओलावृष्टि ने तोड़ी किसानों की कमर ,गेहूं व ईसबगोल की फसलें हुई बर्बाद ,किसान अब सरकार से कर रहे मुआवजे की मांग

ओलावृष्टि ने तोड़ी किसानों की कमर ,गेहूं व ईसबगोल की फसलें हुई बर्बाद ,किसान अब सरकार से कर रहे मुआवजे की मांग

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 3 अप्रैल । बेमौसम बारिश की मार से किसान अभी उभर भी नहीं पाए थे तभी बीकानेर व श्रीगंगानगर जिले के कई क्षेत्रों  में शुक्रवार, 3 अप्रैल को मौसम ने अचानक करवट बदल ली और किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. दोपहर करीब तीन बजे बज़्जू ,कोलायत ,खजूवाला के कई गॉंवों व  राजियासर  इलाके के टिब्बा क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी ओलावृष्टि हुई. देखते ही देखते खेतों में सफेद चादर जैसी परत जम गई. यह नजारा भले ही अलग लग रहा था, लेकिन किसानों के लिए यह किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं था.

जानकारी के अनुसार मोकलसर क्षेत्र के 92.600 आरडीआर, 110 आरडीआर और बछरारा गांव में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला. यहां इतने बड़े और तेज ओले गिरे कि खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं. ओलों की मार से जमीन पूरी तरह सफेद नजर आने लगी.

इस ओलावृष्टि ने खासतौर पर गेहूं और ईसबगोल की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया. जो फसलें पककर कटाई के लिए तैयार थीं, वे पूरी तरह टूट गईं. गेहूं की बालियां टूटकर जमीन पर गिर गईं, जिससे किसानों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है. कई किसानों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में उनकी महीनों की मेहनत बर्बाद हो गई.

अचानक आए इस मौसम परिवर्तन से किसान काफी परेशान नजर आए. उन्हें समझ ही नहीं आया कि इतनी तेज ओलावृष्टि से कैसे बचाव किया जाए. खेतों में खड़ी फसलें देखते ही देखते नष्ट हो गईं और किसानों के चेहरे पर चिंता साफ दिखाई देने लगी.

अर्जुनसर, बछरारा, देवनगर, मोकलसर और बिरधोल जैसे कई इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ ओले गिरने से फसलों को नुकसान हुआ है. इन क्षेत्रों में बारिश और तेज हवा ने मिलकर नुकसान को और बढ़ा दिया.

टिब्बा क्षेत्र के कई गांवों में भी इसी तरह का असर देखा गया, जहां बारिश के साथ तेज हवाओं ने फसलों को झुका दिया और ओलों ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया. किसानों का कहना है कि इस समय फसल तैयार थी और ऐसे में हुआ नुकसान उन्हें आर्थिक रूप से काफी प्रभावित करेगा.

किसान अब सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी पूरी फसल खराब कर दी है, ऐसे में उन्हें राहत मिलनी चाहिए. फिलहाल प्रशासन से नुकसान का आंकलन करने की उम्मीद जताई जा रही है, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द सहायता मिल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *