अबतक इंडिया न्यूज 15 फरवरी । शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर रविवार को एक दिवसीय दौरे पर बूंदी पहुंचे. भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में मदन दिलावर ने कहा कि सरकार ने बजट में समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा है और यह पूरी तरह विकासोन्मुखी तथा राहत देने वाला बजट है. शिक्षा विभाग को इस बार महत्वपूर्ण बजट राशि आवंटित की गई है. इससे नए स्कूल भवनों का निर्माण, पुराने भवनों की मरम्मत, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता है और ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं. इस दौरान उन्होंने प्रदेश में थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले पर बड़ा बयान दिया है.
शिक्षकों के तबादले पर क्या बोले मदन दिलावर?
थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादलों को लेकर मंत्री दिलावर ने स्पष्ट किया कि सामान्यतः इनके तबादले नहीं होते और नियुक्ति जिस जिले में होती है, वहीं पदस्थापन रहता है. उन्होंने कहा कि नियमों से बाहर हुआ कोई भी ट्रांसफर मान्य नहीं होगा और ऐसे मामलों में सीनियरिटी रद्द कर दी जाएगी. उन्होंने बताया कि पिछले दिनों सरकार ने करीब 2200 थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले कर दिए थे, लेकिन नियमों की जानकारी होने पर उन तबादलों को रोका गया और संबंधित शिक्षकों की सीनियरिटी भी समाप्त कर दी गई. इससे अब मनमानी पर रोक लगेगी और प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी.









