Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » शीतलहर का प्रकोप , हनुमानगढ़ सहित राजस्थान के इन 5 जिलों की स्कूलों में छुट्टी

शीतलहर का प्रकोप , हनुमानगढ़ सहित राजस्थान के इन 5 जिलों की स्कूलों में छुट्टी

अबतक इंडिया न्यूज 5 जनवरी । राजस्थान समेत उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है. तापमान गिरने के साथ ही प्रदेश के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की मार पड़ रही है. सुबह और शाम के समय कोहरे की वजह से सड़कों पर विजिबिलिटी काफी कम रह रही है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 2-3 दिन प्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड होगी. न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री गिरावट होने व राज्य के उत्तरी हिस्सों में शीतलहर का अनुमान है. ठंड को लेकर मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राजस्थान के कई जिलों में स्कूलों में बच्चों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है.

कोटा-बूंदी में स्कूल बंद

जिन जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित हुआ है, उनमें कोटा, बारां, बूंदी, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर शामिल है. जानकारी के अनुसार, बूंदी जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 2 दिन की छुट्टी घोषित की गई है. जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा के आदेश के मुताबिक, 06 व 07 जनवरी को 8वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. इस दौरान आदेश न मानने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा कोटा जिले में कड़ाके की सर्दी के कारण 3 से 6 वर्ष के आगनबाड़ी बच्चों के लिए 14 जनवरी तक अवकाश घोषित हुआ है.

सोमवार को आए मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राजस्थान के 5 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. इस दौरान बच्चों के लिए स्कूल बंद रहेंगे.

बारां में कब तक स्कूलों में छुट्टी?

बूंदी के अलावा बारां जिले के भी सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में 2 दिन (06 और 07 जनवरी) अवकाश रहेगा. बारां के जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने आदेश में अनुसार, शीतलहर और बढ़ती ठंड के कारण जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी राजकीय व गैर राजकीय विद्यालय में 06 व 07 जनवरी को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित हुआ है. इन दो दिनों में अगर किसी भी विद्यालय में 8वीं तक के बच्चों की कक्षाएं चलती मिलीं तो कार्रवाई होगी.

और किन जिलों के स्कूलों में अवकाश

ऐसे ही श्रीगंगानगर जिले में 5वीं तक के सभी स्कूलों में 12 जनवरी तक बच्चों का अवकाश रहेगा. वहीं कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय समय सुबह 10:30 बजे से शाम 3 बजे तक निर्धारित किया गया है. शिक्षकों और संचालित परीक्षाओं का समय यथावत रहेगा. आदेशों की अवहेलना करने पर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. इसी तरह हनुमानगढ़ जिले में जिला कलेक्टर खुशहाल यादव ने आदेश जारी करते हुए 10 जनवरी तक समस्त राजकीय व निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों का अवकाश घोषित किया है. कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं पूर्व की भांति संचालित होंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *