Home » युवा » जोधपुर रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू , यात्रियों को मिलेगी राहत, सुरक्षित रख सकेंगे अपना सामान

जोधपुर रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू , यात्रियों को मिलेगी राहत, सुरक्षित रख सकेंगे अपना सामान

अबतक इंडिया न्यूज जोधपुर, 14 मार्च। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जोधपुर रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध डिजिटल लॉकर सुविधा यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। इस सुविधा के माध्यम से यात्री अपने सामान को सुरक्षित लॉकर में रखकर निश्चिंत होकर स्टेशन परिसर में अपने कार्य कर सकते हैं या शहर में भी जा सकते हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जोधपुर स्टेशन पर डिजिटल लॉकर की व्यवस्था की गई है। यात्री अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी प्राप्त कर लॉकर को सक्रिय कर सकते हैं तथा ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से इसका उपयोग कर सकते हैं। यह सुविधा यात्रियों को उनके सामान की सुरक्षा के साथ सुविधा भी प्रदान कर रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि इस सुविधा का उपयोग करने के लिए यात्री डिजिटल पैनल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करते हैं। इसके बाद यात्री एक बार पंजीकरण (नाम व ईमेल आईडी सहित) पूरा करते हैं और अपनी आवश्यकता के अनुसार लॉकर का आकार चुन सकते हैं। पैनल पर प्रदर्शित QR कोड को स्कैन कर भुगतान करने के बाद लॉकर उपयोग के लिए उपलब्ध हो जाता है।

उन्होंने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए लाभदायक है जिन्हें ट्रेन के आगमन या प्रस्थान के बीच कुछ समय के लिए स्टेशन से बाहर जाना होता है। डिजिटल लॉकर सुविधा से यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा की चिंता से मुक्ति मिलती है।
रेलवे द्वारा यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल डिजिटल इंडिया को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *