Home » युवा » अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर ब्रिगेडियर उपेंद्र कौशल का दूसरा निरीक्षण दौरा

अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर ब्रिगेडियर उपेंद्र कौशल का दूसरा निरीक्षण दौरा

अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर, 8 फरवरी।स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के सुचारु संचालन की समीक्षा हेतु ब्रिगेडियर उपेंद्र कौशल, उप महानिदेशक (डीडीजी) रिक्रूटिंग, जयपुर ने रविवार को अपना दूसरा निरीक्षण दौरा किया। सेना भर्ती इंचार्ज कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर कौशल ने सर्वप्रथम दौड़ क्षेत्र का विस्तृत अवलोकन किया, जहां अभ्यर्थियों की शारीरिक सहनशक्ति की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। उन्होंने दौड़ ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, चिकित्सा सहायता तथा समय मापन प्रणाली का सूक्ष्म निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया।

कर्नल कुमार ने बताया कि इसके पश्चात उन्होंने अभ्यर्थी पंजीकरण स्थल का निरीक्षण कर पंजीकरण प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित संचालन का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित किया जाए।

ब्रिगेडियर कौशल ने शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीएफटी) क्षेत्र का भी भ्रमण किया तथा शारीरिक माप परीक्षण स्थल का निरीक्षण किया, जहां अभ्यर्थियों की ऊंचाई, वजन एवं सीने की माप निर्धारित सैन्य मानकों के अनुरूप की जा रही थी। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में तकनीकी उपकरणों के उपयोग और निगरानी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

इस अवसर पर उप महानिदेशक ने स्पष्ट कहा कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जा रही है। इसमें किसी भी प्रकार के बाहरी हस्तक्षेप या अनियमितता की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के दलालों, भ्रामक सूचनाओं या अफवाहों से दूर रहें तथा अपनी योग्यता, परिश्रम और आत्मविश्वास के आधार पर भर्ती प्रक्रिया में भाग लें।

सम्पूर्ण भर्ती रैली का अवलोकन करने के पश्चात ब्रिगेडियर कौशल ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा भर्ती आयोजन में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, चिकित्सा दल एवं अन्य नागरिक प्रशासनिक विभागों द्वारा प्रदान किए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक समन्वय और सुव्यवस्थित प्रबंधन के कारण भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक संचालित हो रही है।

अग्निवीर भर्ती रैली के माध्यम से युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्रसेवा का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हो रहा है। भर्ती स्थल पर सभी व्यवस्थाएं अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई हैं।विदित है कि यह भर्ती रैली 29 जनवरी से 18 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा देशसेवा के उद्देश्य से भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *