अबतक इंडिया न्यूज बीकानेर 26 दिसंबर । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जोधपुर प्रांत के बीकानेर में आयोजित हो रहे 61वें प्रांत अधिवेशन का उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने किया। इस मौके पर उन्होंने विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। यहां 700 से अधिक विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है तथा ज्ञान शील और एकता के मंत्र के साथ एक संस्कारित छात्रशक्ति के निर्माण करने का काम अभाविप द्वारा किया जाता है। उन्होंने बताया कि मुझे भी इस अधिवेशन में आकर अपनी जड़ों से जुड़ने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैने भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में काम करते हुए केंद्रीय छात्रसंघ अध्यक्ष जैसी जिम्मेदारी का निर्वहन किया तथा विद्यार्थी परिषद के व्याप को कैसे बढ़ाया जा सकता है इसके लिए काम किया।

अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री हर्षित ननोमा ने राजस्थान के गौरवपूर्ण इतिहास के रूप में कण कण में बसी वीरता एवं शौर्य का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि युवा देश की रीढ़ होते है आज स्वर्णिम भविष्य युवाओं की राह देख रहा है। हम सभी विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को मानते हुए भारत माता को पुनः विश्वगुरु के सिंहासन पर आसीन करेंगे।
स्वागत समिति अध्यक्ष कैलाश सियाग जी ने उद्घाटन समारोह में पधारे अतिथियों एवं प्रांत भर की युवा तरुणाई को संबोधित करते हुए स्वागत भाषण रखा एवं स्वागत समिति सचिव डॉ. सुरेंद्रसिंह शेखावत ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
उत्तर पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अश्वनी शर्मा ने शिक्षा की भारतीय संकल्पना और समाज के प्रयास विषय पर भाषण रखा। अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय शिक्षा परंपरा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था सदैव चरित्र निर्माण, समाजोत्थान और राष्ट्रनिर्माण की आधारशिला रही है। उन्होंने प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार नालंदा विश्वविद्यापीठ ज्ञान, शोध और विमर्श का वैश्विक केंद्र रहा है। शिक्षा केवल रोजगार प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली प्रक्रिया है। जब तक शिक्षा भारतीय मूल्यों, संस्कृति और जीवन दृष्टि से जुड़ी नहीं होगी, तब तक समग्र सामाजिक परिवर्तन संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भारतीय शिक्षा दृष्टि को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु निरंतर प्रयास करें और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करें।
प्रस्ताविक सत्र में प्रांत मंत्री कु. पूनम भाटी ने वर्ष भर हुए संगठनात्मक, रचनात्मक एवं आंदोलनात्मक कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। तत्पश्चात प्रांत अध्यक्ष डॉ. हीराराम ने वर्ष 2024-25 की कार्यकारिणी के पूर्ण होने की घोषणा की। निर्वाचन अधिकारी कृष्ण भुवाल ने निर्वाचन प्रक्रिया के साथ वर्ष 2025-26 के प्रांत अध्यक्ष दायित्व हेतु डॉ. ओमप्रकाश राजपुरोहित एवं प्रांत मंत्री के दायित्व हेतु दशरथ गर्ग के नाम की घोषणा की। उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यार्थी परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बीकानेर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








