अबतक इंडिया न्यूज 17 दिसंबर जयपुर । नेशनल हेराल्ड केस को लेकर ED के खिलाफ कांग्रेस ने बुधवार को राजस्थान के अलग-अलग जिलों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है. इस दौरान जयपुर में भी कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोला. कांग्रेस मुख्यालय से पैदल मार्च निकालकर कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी कार्यालय के घेराव की कोशिश की है. जिस पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बीच रास्ते में ही रोक दिया है और कई कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में लिया है. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की भी देखने को मिली है.
दोपहर 2:30 बजे पीसीसी मुख्यालय से रवाना हुआ पैदल मार्च
इससे पहले ईडी के विरोध में कांग्रेस का भाजपा मुख्यालय तक पैदल मार्च का कार्यक्रम था जिसको देखते हुए कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भी पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त किया गया तो वहीं शहीद स्मारक पर भी पुलिस ने बैरिकेड्स लगा दिए थे और रास्ता बंद कर दिया था. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता पैदल मार्च करते हुए मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहीद स्मारक तक पहुंचे, जहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बैरिकेड्स पर चढ़ने का प्रयास किया.
बीजेपी दफ्तर पहुंचने से पहले रोका
जयपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस के हल्ला बोल में राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता टीकाराम जूली व खाचरियावास समेत तमाम कांग्रेस नेता शामिल हुए. इस दौरान डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय से जयपुर में बीजेपी ऑफिस तक पैदल मार्च के लिए कांग्रेसी नेता निकले. हालांकि, बीच रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें रोका दिया. कमिश्नरेट के सामने दो स्तर की बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका गया है.
हिरासत में लिए गए 100 कांग्रेस कार्यकर्ता
विरोध प्रदर्शन कर रहे तकरीबन 100 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक मनीष यादव, ललित यादव, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाच रियावास, धर्मेंद्र राठौड़, कांग्रेस नेता महेंद्र राजोरिया समेत पीसीसी के कुछ पदाधिकारियों को भी हिरासत में लिया गया है. इससे पहले बैरिकेड पर चढ़ने के दौरान धक्का मुक्की में रवि सिंगारिया के कपड़े फट गए. वहीं, महिला कांग्रेस की एक कार्यकर्ता चोट लगने के बाद बेहोश भी हुई है. कुछ महिला कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें आईं हैं.








